नदी के ऊफान को पारकर बिजली आपूर्ति बहाल करने वाले कर्मी सम्मानित
रायपुर
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छ: कर्मियों को सम्मानित किया गया। पुरस्कृत कर्मियों ने प्रतिकूल परिस्थितियों में अपनी कार्यदक्षता का प्रदर्शन करते हुए नदी के ऊफान को पार कर विद्युत प्रणालियों को सुधारने सहित विद्युत सेवा बहाली का चुनौती भरा कार्य पूर्ण किया। ऐसे साहसिक कार्यों के लिए उन्हें पाँच हजार रूपए के साथ प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कंपनी के चेयरमेन अंकित आनंद तथा कंपनी के प्रबंध निदेशक अशोक कुमार ने पुरस्कृत कर्मियों को शुभकामनाएं दी। कोविड-19 के कारण इस वर्ष पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम नहीं किया गया, उन्हें कार्यालय प्रमुखों व्दारा यह पुरस्कार वितरित किया गया। डगनिया स्थित कार्यपालक निदेशक (निर्माण एवं लाइन संधारण) कार्यालय में ईडी पीके गुप्ता ने उन्हें पुरस्कृत किया। जगदलपुर के पुरस्कृत कनिष्ठ अभियंता कृपाराम मंडावी ने बारिश के दौरान इंद्रावती नदी में बाढ़ जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों में कार्य किया। नारायणपुर-बारसूर पारेषण लाइन के ब्रेक डाउन को ठीक करने नाव में सवार होकर साथियों के साथ गए और लाइन के फाल्ट डिस्क इंसुलेटर को बदलकर सप्लाई बहाल की। इसी तरह बिलासपुर के लाइन परिचारक श्रेणी-2 (बेल्टमेन) प्रेमकुमार धनवार ने कोरोना महामारी के दौरान 400 केवी कोरबा-रायता पारेषण लाइन के विभिन्न टावरों के मिसिंग एंगल को पुन: लगाने का कार्य कुशलतापूर्वक पूर्ण किया।
पुरस्कृत कर्मियों में शामिल 220 केवी उपकेंद्र उरला के परीक्षण पर्यवेक्षक चैन सिंह गजाम ने पीएसडीएफ योजना के क्रियान्वयन में भागीदारी दी, जिससे उरला क्षेत्र में इस योजना के तहत सबसे ज्यादा नवीनीकरण के कार्य हुए। उपकेंद्र की तकनीकी खराबियों को अविलंब सुधारकर सप्लाई बहाल करने में इनकी दक्षता है। जगदलपुर के परिक्षण पर्यवेक्षक मकसूद अहमद खान को 132 केवीए उपकेंद्र के छह फीडर, 33 केवी के 10 फीडर और 11 केवी के छह फीडर के आपरेशन एवं मेन्टेनेंस की कार्यकुशलता के लिए सम्मानित किया गया।
बिलासपुर के कनिष्ठ अभियंता संतोष कुमार महतो ने 132 केपी उपकेंद्र जमनीपाली से टेलीमेटरी डाटा राज्य लोड डिस्पैच सेंटर में सुचारू रूप से डाटा भेजने संबंधी कार्य को पूर्ण किया। आरटीयू के विशेषज्ञ इंजीनियरों के साथ संपादित इस कार्य की पूर्णता से डाटा मिलना शुरू हो सका और मॉक ड्रिल का कार्य कुशल से पूरा किया जा सका। इसी तरह बिलासपुर सिविल के कार्यालय सहायक श्रेणी-एक श्यामलाल देवांगन को कोरोना महामारी के दौरान कार्यालय संचालन के कार्यों एवं आवश्यक सामग्री की आपूर्ति में बेहतर कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।

पाठको की राय